सुजानपुर बाल आश्रम के बच्चे फरवरी में करेंगे जयपुर भ्रमण

rakesh nandan

25/01/2026

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा बेसहारा बच्चों के सम्मानजनक जीवन, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत सुजानपुर स्थित बाल आश्रम के बच्चों को इस वर्ष फरवरी की छुट्टियों में जयपुर भ्रमण करवाया जाएगा।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि बाल आश्रम के 13 बच्चों और स्टाफ के लिए यह शैक्षणिक एवं मनोरंजन भ्रमण कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत वीनस फाउंडेशन के माध्यम से प्रायोजित किया जा रहा है। इस भ्रमण कार्यक्रम के लिए वीनस फाउंडेशन की अधिकारी एकता ठाकुर से समन्वय किया जा रहा है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार बच्चे 8 फरवरी को सड़क मार्ग से चंडीगढ़ रवाना होंगे, जहां से वे वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से जयपुर पहुंचेंगे। जयपुर में बच्चों के ठहरने की व्यवस्था एक अच्छे होटल में की गई है।

9, 10 और 11 फरवरी को बच्चे जयपुर के विभिन्न ऐतिहासिक, धार्मिक, पर्यटन स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण करेंगे, जिससे उन्हें देश की सांस्कृतिक धरोहर और शैक्षणिक परिवेश को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।

12 फरवरी को वापसी के दौरान बच्चे जयपुर से चंडीगढ़ तक हवाई यात्रा करेंगे और इसके उपरांत सड़क मार्ग से सुजानपुर लौटेंगे।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि यह भ्रमण बाल आश्रम के बच्चों के लिए जीवन भर याद रहने वाला अनुभव होगा। उन्होंने बाल आश्रम के स्टाफ को निर्देश दिए कि भ्रमण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि बच्चों को सुरक्षित, सुखद और ज्ञानवर्धक यात्रा का अनुभव मिल सके।