कार्निवल के नाम पर उगाही का आरोप: सुधीर शर्मा

rakesh nandan

18/12/2025

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश में सांस्कृतिक आयोजनों, विशेषकर कांगड़ा वैली कार्निवल, की आड़ में व्यापारियों और लाइसेंसधारकों से दबाव बनाकर धन की मांग की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों का दुरुपयोग कर इस तरह की गतिविधियां करवाई जा रही हैं, जिससे प्रदेश का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि पेट्रोल पंप संचालकों, एलपीजी गैस एजेंसियों, राइस एवं फ्लोर मिलर्स, ईंट भट्ठा मालिकों तथा अन्य लाइसेंसधारकों को सरकारी लेटरहेड पर पत्र जारी कर आर्थिक योगदान मांगना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने दावा किया कि यह स्वैच्छिक सहयोग नहीं, बल्कि भय और दबाव के वातावरण में की जा रही उगाही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार कार्निवल जैसे आयोजन करना चाहती है, तो इसके लिए बजट में प्रावधान क्यों नहीं किया गया। सरकारी आयोजनों का खर्च व्यापारियों पर डालना गलत है और यह प्रशासनिक शक्तियों के दुरुपयोग को दर्शाता है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अधिकारी राजनीतिक दबाव में काम करने को मजबूर हैं और व्यापारी वर्ग भय के साये में जी रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करते हुए प्रशासन को राजनीतिक वसूली का माध्यम बना दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस पत्र के माध्यम से धन की मांग की जा रही है, उसमें “कार्निवल” शब्द की बार-बार गलत स्पेलिंग होना प्रशासनिक लापरवाही और अयोग्यता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि ऐसे गैर-जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।

भाजपा विधायक ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।