बिलासपुर जिले में बढ़ती बेसहारा पशुओं और आवारा कुत्तों की समस्या पर उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी विभागों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि फोरलेन और शहरी क्षेत्रों में आवारा पशु जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं, इसलिए त्वरित कार्रवाई अनिवार्य है।
डीसी ने बिलासपुर शहर में एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर की स्थापना तेज करने के निर्देश दिए। यह केंद्र जन्म नियंत्रण, टीकाकरण और रेबीज रोकथाम के माध्यम से कुत्तों की आबादी को वैज्ञानिक और मानवीय तरीके से नियंत्रित करेगा। इसकी फंडिंग जिला प्रशासन करेगा। उन्होंने पशुपालन विभाग को आदेश दिया कि बिलासपुर, घुमारवीं और फोरलेन के सभी बेसहारा पशुओं को चिन्हित कर काऊ सेंचुरी नालागढ़ भेजने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए। बताया गया कि बलोह में गाबर कंपनी के सहयोग से नया गौ सदन विकसित किया जा रहा है, जिसमें प्रशासन ने बिजली–पानी उपलब्ध करवा दिया है।
डीसी ने शहरी निकायों को नियमित टीकाकरण, रेबीज नियंत्रण और कुत्तों के चिन्हीकरण अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही बिलासपुर शहर में शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अजय कुमार को नोडल अधिकारी (94180-35285) नियुक्त किया गया है। बैठक में शहरी निकायों, पशुपालन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।