भारतीय जनता पार्टी के प्रकोष्ठ समन्वयक पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि देशभर में चल रहा विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में 17 तारीख को गेयटी थिएटर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसे भारतीय जनता पार्टी पूरी गंभीरता और व्यापक तैयारी के साथ आयोजित कर रही है।
पुरुषोत्तम गुलेरिया ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में लगभग 1000 प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिनमें समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े बुद्धिजीवी, ओपिनियन मेकर, शिक्षाविद, अधिवक्ता, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी, जागरूक मतदाता एवं अन्य प्रभावशाली व्यक्तित्व शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इतनी व्यापक सहभागिता यह दर्शाती है कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता को लेकर समाज में गहरी जागरूकता और गंभीरता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जानकारी साझा करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े भ्रम और दुष्प्रचार को तथ्यों के माध्यम से दूर करना भी है। मंच से यह स्पष्ट किया जाएगा कि विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण क्यों आवश्यक है, इसका संवैधानिक महत्व क्या है, पूर्व में यह प्रक्रिया कब-कब अपनाई गई है और इससे मतदाता सूची को अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने में कैसे सहायता मिलती है।
पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि जब समाज के बुद्धिजीवी और ओपिनियन मेकर इस विषय को गहराई से समझेंगे, तो वे अपने-अपने क्षेत्रों में सही और तथ्यात्मक जानकारी को आगे पहुंचाएंगे, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 17 तारीख को गेयटी थिएटर में होने वाला यह आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और अत्यंत प्रभावी सिद्ध होगा।