सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों को ई-केवाईसी करवाने के लिए एक और अवसर प्रदान किया गया है। विभाग द्वारा अब ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 15 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। यह जानकारी देते हुए जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन (ई-केवाईसी) पिछले वर्ष जुलाई माह में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से आरंभ किया गया था, जिसकी अंतिम तिथि पहले 31 जनवरी निर्धारित की गई थी। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि तक ई-केवाईसी न करवाने वाले लाभार्थियों की पेंशन अस्थायी रूप से रोक दी गई है और उन्हें 15 फरवरी तक ई-केवाईसी करवाने का अंतिम अवसर दिया गया है।
जिला कल्याण अधिकारी ने ई-केवाईसी लंबित लाभार्थियों से अपील की है कि वे नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी ई-केवाईसी समय रहते पूर्ण करवा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी लाभार्थी 15 फरवरी तक ई-केवाईसी नहीं करवाता है, तो उसे अपात्र माना जाएगा और उसकी पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। चमन लाल शर्मा ने यह भी बताया कि यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड नहीं बना है या उसमें अद्यतन की आवश्यकता है, तो वह इस संबंध में सहायता के लिए संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकता है।