जिला सिरमौर के नाहन स्थित उपायुक्त सम्मेलन कक्ष में आज सुशासन सप्ताह के तहत सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रियंका वर्मा ने की। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसेवाओं से जुड़े कार्यों में अधिक तत्परता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निवारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने विभागों से संबंधित ऑनलाइन पोर्टल्स की नियमित समीक्षा करने तथा ई-सेवाओं में आ रही समस्याओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
यह कार्यशाला 19 से 25 दिसंबर, 2025 तक आयोजित किए जा रहे सुशासन सप्ताह के अंतर्गत ई-सेवाओं में सुधार लाने के उद्देश्य से आयोजित की गई। कार्यशाला के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-सेवाओं के माध्यम से लोक प्रशासन में सुधार, पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिक सुविधा के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर हिमाचल ऑनलाइन सेवा, लोक मित्र केंद्र, आधार सेवाएं, ई-ऑफिस, राजस्व प्रबंधन प्रणाली, लिटिगेशन प्रबंधन प्रणाली तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 जैसी प्रमुख डिजिटल सेवाओं की कार्यप्रणाली से भी अवगत करवाया गया। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवा विभाग, प्राथमिक शिक्षा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा अपनी-अपनी विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुतीकरण (प्रेजेंटेशन) के माध्यम से दी गई।
