जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी ने जिला सिरमौर के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों से अपील की है कि जिन पात्र लाभार्थियों ने अभी तक अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है, वे 28 फरवरी 2026 से पूर्व अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर आवश्यक दस्तावेजों सहित ई-केवाईसी सत्यापन अवश्य करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित तिथि तक ई-केवाईसी सत्यापन नहीं कराया गया, तो यह माना जाएगा कि संबंधित पेंशनधारक अनुपलब्ध है या सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने हेतु पात्र नहीं है। ऐसी स्थिति में संबंधित पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड किसी कारणवश नहीं बना है या उसे अपडेट करने की आवश्यकता है, तो वह संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर आधार कार्ड अपडेट करवा सकता है। ई-केवाईसी सत्यापन से संबंधित जानकारी या समस्या निवारण के लिए लाभार्थी जिला कल्याण अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना पर्यवेक्षक अथवा संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं।