सिरमौर में सड़क सुरक्षा पर सख्ती, डीसी ने दिए अहम निर्देश

rakesh nandan

25/01/2026

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने गत दिवस उपायुक्त कार्यालय में प्रशासनिक, लोक निर्माण, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस तथा सड़क सुरक्षा क्लब के अधिकारियों के साथ सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिला सिरमौर में हुई सड़क दुर्घटनाओं, ड्रंक एंड ड्राइव, ओवर स्पीड तथा नाहन शहर में यातायात समस्या के निराकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब शहर में स्थानीय लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए बांगरण चौक से पुरुवाला, बातापुल से विश्वकर्मा चौक तथा विश्वकर्मा चौक से रामपुरघाट सड़क मार्ग पर माइनिंग से जुड़े बड़े वाहनों की आवाजाही रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक ही अनुमन्य होगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पैराफीट और क्रैश बैरियर शीघ्र स्थापित किए जाएं।

नाहन शहर में पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुधार

उपायुक्त ने बताया कि नाहन शहर में वर्तमान में आठ पार्किंग स्थल क्रियाशील हैं। उन्होंने नगर पालिका को निर्देश दिए कि पार्किंग शुल्क से संबंधित जानकारी फ्लैक्स बोर्ड के माध्यम से स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए शहर में सब्जी विक्रेताओं और फूड स्ट्रीट वेंडर्स के लिए अलग स्थान चिन्हित करने के निर्देश भी दिए। परिवहन विभाग को टैक्सी और ई-रिक्शा ऑपरेटरों के लिए पार्किंग स्थल शीघ्र चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।

विद्यालयों के आसपास सुरक्षा उपाय

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने पांवटा साहिब से कालाअंब राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर स्थित स्कूलों के समीप विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रंबल स्ट्रिप और साइनेज शीघ्र स्थापित करने के लिए राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में नाहन शहर की अन्य यातायात समस्याओं के साथ-साथ चौगान मैदान के सौंदर्यकरण पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी लायक राम वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण आलोक जनवेजा, अध्यक्ष सड़क सुरक्षा क्लब नाहन नरेन्द्र तोमर सहित समिति के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।