सिरमौर पुलिस की दो बड़ी सफलताएं: स्मैक तस्कर और अवैध शराब बेचने वाला गिरफ्तार

rakesh nandan

27/11/2025

सिरमौर पुलिस ने 26 नवंबर 2025 को नशा और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।


माजरा पुलिस ने 10 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी पकड़ा

पुलिस थाना माजरा की टीम गश्त और खुफिया जानकारी जुटाने के दौरान मदरसा मिश्रवाला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि असलम खान, निवासी क्यारदा, कैरीबैग में स्मैक/हेरोइन लेकर नहर रोड की ओर से पैदल जगतपुर की तरफ जा रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए असलम खान को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें से 10 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद हुई। आरोपी को मौके पर काबू करते हुए NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अनुसंधान जारी है और पुलिस यह पता लगा रही है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई होनी थी। सिरमौर पुलिस का नशा कारोबार पर शिकंजा कसने का अभियान लगातार जारी है।


पच्छाद में चाय-पानी की दुकान से 4 लीटर अवैध शराब बरामद

उसी दिन पुलिस थाना पच्छाद की टीम मढीघाट, जयहर, वासनी और नारग क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वासनी बाजार में रविदत्त अपनी दुकान में अवैध शराब बेचने का धंधा करता है। सूचना के आधार पर दुकान और साथ बने लैट्रिन की तलाशी ली गई, जहां से नीले ड्रम में छिपाई गई 4 लीटर कशीदशुदा अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी रविदत्त के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सिरमौर पुलिस ने कहा है कि नशा तस्करी और अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।