पांवटा साहिब पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात गैंगस्टर हमजा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने देवीनगर, पांवटा साहिब में सौरभ कुमार S/O विनोद कुमार पर कट्टा निकालकर फायर करने की कोशिश की थी और जानलेवा हमला किया था। यह आरोपी पहले से कई बाहरी राज्यों में भी आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा है और अदालत द्वारा पुलिस रिमांड पर है। जांच के दौरान हमजा की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी विकास उर्फ विक्की निवासी अमरकोट, पांवटा साहिब के घर से एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा राउंड बरामद किए हैं। फरार चल रहा विक्की भी साइबर सेल की तकनीकी टीम की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने विक्की को पेश कर उसके लिए पुलिस हिरासत रिमांड की मांग की है।
नशा माफिया पर वार: भूपपुर में 11.22 ग्राम स्मैक बरामद, आरोपी गिरफ्तार
जिला सिरमौर में नशा माफिया के खिलाफ अभियान जारी है। पांवटा साहिब की स्पेशल डिटेक्शन सेल ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना पर आवेश खान पुत्र इसरार, निवासी कुन्जा (देहरादून) को भूपपुर स्थित नए यमुना पुल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 11.22 ग्राम स्मैक/चिट्टा बरामद किया गया। ND&PS Act के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्मैक कहां से खरीदी गई और किन लोगों तक सप्लाई हो रही थी।
हरियाणा मार्क्ड शराब बरामद—12 बोतलें जब्त, आरोपी पर आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस थाना काला आम्ब की टीम ने गुप्त सूचना पर जोहडो स्थित SG GLOBAL कंपनी के पास एक चाय दुकान से 12 बोतलें (750 ML) मालटा देशी शराब FOR SALE IN HARYANA ONLY बरामद कीं। आरोपी निरंजन निवासी नारायणगढ़ (हरियाणा) पर हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब माफिया के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
सट्टेबाज़ी में लिप्त व्यक्ति गिरफ्तार—पर्चियां और नकदी बरामद
24 नवंबर को पुलिस थाना काला आम्ब की टीम ने खैरी बाजार (पशुपति कंपनी के पास) में एक व्यक्ति रितेश कुमार निवासी बिहार को सट्टा खिलाते रंगे हाथों पकड़ा। उसके कब्जे से दड्डा सट्टा पर्चियां और ₹1110 की नकदी बरामद की गई।
पुलिस ने उसके खिलाफ जुआ अधिनियम में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिरमौर पुलिस की लगातार कार्रवाई—अपराध, नशा और अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी
पुलिस अधीक्षक सिरमौर के निर्देशों पर जिला पुलिस, डिटेक्शन सेल और साइबर सेल लगातार समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। गैंगस्टर गतिविधियों, नशा व्यापार, अवैध शराब और जुआ जैसे अपराधों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।