12 बोतल देसी शराब के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार

rakesh nandan

03/01/2026

जिला सिरमौर में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक ओर अवैध शराब बरामद की है, वहीं दूसरी ओर सड़क दुर्घटना के मामले में केस दर्ज किया गया है।

राजगढ़ में 12 बोतल देसी शराब के साथ आरोपी पकड़ा गया

पुलिस थाना राजगढ़ की पुलिस टीम ने गश्त व गुप्त सूचनाओं के आधार पर गौडा रोड बाईफरकेशन के पास एक व्यक्ति को शक के आधार पर रोका। व्यक्ति की पहचान कुलदीप पुत्र राजेंद्र प्रकाश, निवासी गांव व डा. गौडा, तहसील कण्डाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कंधे पर उठाए प्लास्टिक के बोरे की तलाशी ली, जिसमें गत्ता पेटी के अंदर देसी शराब की 12 बोतलें (सीलशुदा, मार्का सन्तरा नंबर-1) बरामद की गईं। आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

भुपपुर में स्कूटी व कार की टक्कर, एक व्यक्ति घायल

दूसरी ओर, पांवटा साहिब क्षेत्र के भुपपुर में स्कूटी और कार की टक्कर में एक व्यक्ति घायल हो गया। इस संबंध में नवादा डा. घ. शिवपुर निवासी हिमांशु सैणी ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार 2 जनवरी 2026 को हिमांशु अपने पिता के साथ स्कूटी नंबर HP17C-5923 पर सवार होकर बातापुल चौक की ओर जा रहे थे। जब वे भुपपुर स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे, तो लिंक रोड किशनपुरा की तरफ से आ रही सिल्वर रंग की कार (HP17C-0507) ने तेज रफ्तार और लापरवाही से स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिर गए, जिसमें हिमांशु के पिता को टांग में गंभीर चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।