अवैध खनन पर सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

rakesh nandan

12/12/2025

सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अवैध खनन, मोटर वाहन अधिनियम उल्लंघन और आपराधिक गतिविधियों पर ताबड़तोड़ शिकंजा

जिला सिरमौर पुलिस ने पुलिस अधीक्षक सिरमौर के निर्देशों एवं कड़ी निगरानी में 10 और 11 दिसंबर 2025 की रात्रि विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक व्यापक और योजनाबद्ध अभियान चलाया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य था—अवैध खनन पर रोक लगाना, मोटर वाहन अधिनियम का अनुपालन सुनिश्चित करना, तथा गंभीर अपराधियों की धरपकड़ करना। इस दो-दिवसीय रात्री अभियान के दौरान पुलिस थाना पुरुवाला, माजरा, सदर नाहन, काला आम्ब, राजगढ़, संगड़ाह, रेणुका जी और पांवटा साहिब क्षेत्र में टीमें तैनात की गईं। अभियान के परिणामस्वरूप पुलिस ने 41 टिप्परों/ट्रैक्टरों के विरुद्ध माइनिंग एक्ट एवं मोटर वाहन अधिनियम में कार्रवाई करते हुए उन्हें इंपाउंड/डिटेन किया। सभी वाहन आगे की कार्यवाही हेतु माननीय न्यायालय को प्रेषित किए गए हैं। सिरमौर पुलिस ने कहा कि अवैध खनन माफिया पर्यावरण और जन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, और इसी कारण भविष्य में भी ऐसे सख्त अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


माजरा थाना क्षेत्र में कच्ची शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

11 दिसंबर को माजरा थाना पुलिस की टीम टोका-नगला जंगल क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति नहर/आईपीएच पंप हाउस की ओर 10 लीटर से भरा एक बोरा उठाए हुए आ रहा था। पुलिस वाहन देखते ही वह व्यक्ति जंगल की ओर भागने लगा, जिस पर संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रहलाद निवासी टोका नगला, पांवटा साहिब के रूप में हुई। बोरे में रखी 10 लीटर की कैनी से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।


उद्घोषित अपराधी को सिरमौर पुलिस ने गुन्नूघाट, नाहन से दबोचा

जिला सिरमौर पुलिस द्वारा उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए तैयार विशेष टीम ने 11 दिसंबर को बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने उद्घोषित अपराधी नितीश कुमार, निवासी काड़िया पीपलिया, जिला राजगढ़ (मध्यप्रदेश), को गुन्नुघाट, नाहन से गिरफ्तार किया। नितीश के विरुद्ध पुलिस थाना सदर नाहन में FIR नं. 94/15, दिनांक 19.05.2015, धारा 379, 380 IPC के तहत मामला दर्ज था। वह अदालत में पेश नहीं हो रहा था और फरार होने के चलते माननीय न्यायालय द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।


पुलिस का कड़ा संदेश: अवैध खनन माफिया और कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध ज़ीरो टॉलरेंस

सिरमौर पुलिस ने कहा कि—अवैध खनन, ओवरलोडिंग, बिना अनुमति रोड उपयोग, मोटर वाहन अधिनियम उल्लंघन, शराब तस्करी, फरार अपराधी, इन सभी पर पुलिस की सक्रिय और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत निकटतम थाने को दें। पुलिस ने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।