सिरमौर पुलिस की कार्रवाई: चिट्टा, शराब व सट्टेबाजी पर शिकंजा

rakesh nandan

10/12/2025

सिरमौर पुलिस ने चिट्टा तस्करों, अवैध शराब कारोबारियों और सट्टेबाजों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए जिला में तीन अलग-अलग सफल कार्रवाई की। 09 दिसंबर 2025 को पांवटा साहिब में पुलिस टीम ने कुंजा मतरालियों क्षेत्र में दबिश देकर मोहम्मद इनाम के कब्जे से 2.95 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।

इसी दिन काला आम्ब में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर रेडिमेड गारमेंट्स की दुकान से 7 सीलबंद देशी शराब (मार्का माल्टा, 750 एमएल, हरियाणा बिक्री हेतु) बरामद की। आरोपी अशोक कुमार के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

तीसरी कार्रवाई के दौरान काला आम्ब पुलिस ने खैरी–त्रिलोकपुर रोड पर एक व्यक्ति विजय को दड़ा-सट्टा लगवाते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से दड़ा पर्ची और 990 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

सिरमौर पुलिस ने कहा कि नशे, अवैध शराब और सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि युवाओं को नशे और अवैध गतिविधियों से बचाया जा सके।