जिला सिरमौर के सभी सरकारी तथा निजी स्वास्थ्य संस्थानों का पंजीकरण आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने दी। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत प्रत्येक सरकारी एवं निजी अस्पताल, क्लीनिक, डायग्नोस्टिक लैब, फार्मेसी, मेडिकल स्टोर सहित सभी प्रकार की चिकित्सा पद्धतियों—एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी आदि—का ऑनलाइन पंजीकरण आवश्यक है, ताकि सभी संस्थान राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जुड़कर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पंजीकरण हेतु पते का प्रमाण, भवन का स्पष्ट फोटो तथा संस्थान का वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र अनिवार्य है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों से अपील की है कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ ABDM पोर्टल (nhpr.abdm.gov.in) पर शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, सिरमौर (कमरा नंबर 16) में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के जिला समन्वयक रमन शर्मा से संपर्क किया जा सकता है।