क्षेत्रीय प्रबन्धक हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम नाहन नरेश कुमार ने जानकारी दी कि उपायुक्त सिरमौर द्वारा अनुमोदित परिवहन भाड़ा एवं मजदूरी दरों के अनुसार जिला सिरमौर में गैस परिवहन एवं मजदूरी कार्य के लिए मोहरबंद निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि यह निविदाएं गैस एजेंसी नाहन-1 (शहरी), नाहन-2 (ग्रामीण) तथा गैस एजेंसी राजगढ़ के गोदामों में गैस सिलेंडरों की लोडिंग, वितरण उपरांत अनलोडिंग, गैस एजेंसियों से संबंधित विस्तार बिंदुओं पर गैस आबंटन तथा चिन्हित क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडरों की घर-द्वार आपूर्ति हेतु आमंत्रित की गई हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि इच्छुक निविदादाता अपनी मोहरबंद निविदाएं 30 जनवरी, 2026 को दोपहर 12 बजे तक क्षेत्रीय प्रबंधक, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम, नाहन के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। इन निविदाओं को उसी दिन दोपहर 2 बजे के बाद निविदादाताओं या उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि निविदा प्रपत्र 30 जनवरी से पूर्व किसी भी कार्य दिवस में क्षेत्रीय प्रबंधक राज्य नागरिक आपूर्ति निगम, नाहन के कार्यालय से 5,000 रुपये का भुगतान कर प्राप्त किया जा सकता है।
निगम द्वारा इच्छुक ठेकेदारों एवं पात्र व्यक्तियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर निविदा प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया गया है।