हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला अंतर्गत नौहराधार क्षेत्र के तलांगना गांव में बीती रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
इस हृदयविदारक घटना पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा दुख व्यक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल तथा शांता कुमार ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपने शोक संदेश में कहा कि सिरमौर के नौहराधार क्षेत्र में हुई यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। एक ही परिवार के छह सदस्यों का इस प्रकार असमय निधन पूरे प्रदेश के लिए गहरा आघात है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा बीती रात दो से तीन बजे के बीच मोहन लाल के घर में हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की चपेट में आने से एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे पूरा मकान जलकर राख हो गया। इस हादसे में कुछ पालतू मवेशियों के भी जिंदा जलने की सूचना है, जबकि एक व्यक्ति को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर राजगढ़ अस्पताल रेफर किया गया है।
भाजपा नेतृत्व ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता, उचित मुआवजा तथा राहत एवं पुनर्वास की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए। पार्टी ने इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया है।