नाहन में छठवें सिरमौर क्रिकेट कप 2026 का शुभारंभ

rakesh nandan

12/02/2026

नाहन में छठवें सिरमौर क्रिकेट कप 2026 का विधिवत शुभारंभ आज नाहन चौगान मैदान में विधायक अजय सोलंकी द्वारा किया गया। उद्घाटन दिवस पर “डिपार्टमेंट कप सिरमौर” का आयोजन हुआ, जिसमें डीसी ऑफिस, एसपी ऑफिस, प्रेस क्लब, बीआरसी संस्थान, आईपीएच विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग, इंडस्ट्री डिपार्टमेंट, करियर एकेडमी नाहन, ब्लॉक कार्यालय नाहन, प्रोफेसर इलेवन पीजी कॉलेज नाहन, टीएसजी नाहन तथा लेबर एंड एम्प्लॉयमेंट विभाग सहित कुल 12 टीमों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि अजय सोलंकी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा “एंटी चिट्टा मुक्त हिमाचल” अभियान के तहत नशे के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है और शिरमौर क्रिकेट कप जैसे आयोजन युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों की ओर प्रेरित करते हैं। डिपार्टमेंट कप सिरमौर का फाइनल मुकाबला पुलिस इलेवन तथा करियर एकेडमी नाहन के बीच खेला गया। करियर एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवर में 36 रन बनाए, जबकि पुलिस विभाग इलेवन ने 3.4 ओवर में 37 रन बनाकर 7 विकेट से जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया।

आयोजक सिरमौर यूथ एंड स्पोर्ट्स क्लब के संयोजक ओपी ठाकुर एवं योगी ठाकुर ने बताया कि 13 फरवरी से प्रतियोगिता के मुख्य मुकाबले प्रारंभ होंगे, जिनमें 64 पेशेवर टीमें भाग लेंगी। उत्तर भारत के 9 राज्यों तथा हिमाचल प्रदेश के लगभग 7 जिलों की टीमों की सहभागिता से यह आयोजन क्षेत्र का महत्वपूर्ण खेल महोत्सव बन गया है। यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज को नशे के विरुद्ध जागरूक करने का सशक्त माध्यम भी सिद्ध हो रही है।

टैगलाइन:
“खेल अपनाओ – नशा भगाओ, स्वस्थ युवा – सशक्त हिमाचल बनाओ।