जिला सिरमौर में बीते दिनों सड़क दुर्घटनाओं, मारपीट और धमकी से जुड़े कई मामले सामने आए हैं। विभिन्न घटनाओं को लेकर पुलिस ने अलग-अलग थानों में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन घटनाओं में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं और कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
कालाआम्ब चौक के पास ट्रकों की टक्कर
पहला मामला शिकायतकर्ता कपिल पुत्र हुक्मी राम शर्मा निवासी गांव मईला, डाकघर कोटी धीमान, तहसील संगड़ाह से संबंधित है। शिकायतकर्ता के अनुसार वह ट्रक नंबर HP17J-8232 में चंडीगढ़ से टाइल लोड कर हरिपुरधार की ओर जा रहा था। बताया गया कि रात लगभग 10:20 बजे कालाआम्ब चौक के पास एक तेज रफ्तार डंपर नंबर HR58E-6503 ने ओवरटेक करते समय लापरवाही से ट्रक नंबर HP17E-3991 और शिकायतकर्ता के ट्रक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक HRTC बस, मोटरसाइकिल और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पातलियों के पास मोटरसाइकिल को ट्रक ने मारी टक्कर
दूसरा मामला पांवटा साहिब क्षेत्र के पुलिस थाना पांवटा साहिब में दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता जाबिर पुत्र शबीर अली निवासी गांव पातलियों के अनुसार 13 मार्च 2026 की रात करीब 9:15 बजे पिकअप यूनियन पातलियों के पास एक ट्रक/ट्राला नंबर HR58E-0166 ने तेज रफ्तारी और लापरवाही से बिना देखे यू-टर्न लिया और मोटरसाइकिल नंबर HP17E-9725 को टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात ट्राले की टक्कर से युवक गंभीर घायल
तीसरा मामला भी पांवटा साहिब क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता रविशेख पुत्र पूर्ण सिंह निवासी गांव पुरुवाला के अनुसार वह अपने दोस्त प्रमजीत के साथ पांवटा साहिब मेले में आया था। 14 मार्च 2026 की रात करीब 12:30 बजे भेड़ेवाला के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्राले ने प्रमजीत की मोटरसाइकिल नंबर HP17G-4484 को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में प्रमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। घटना के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।
मारपीट और धमकी के मामले दर्ज
पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में मारपीट और धमकी से जुड़े कई मामले भी दर्ज किए गए हैं। पहला मामला शिकायतकर्ता ऋषभ चौधरी निवासी गांव घुतनपुर की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार बातामंडी क्षेत्र में सुरेश निवासी भुपपुर, निटू निवासी किशनपुरा और बन्टी निवासी अजीवाला सहित कुछ अन्य युवकों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुण्डियों गांव में किन्नर समुदाय के बीच विवाद
एक अन्य मामले में शिकायतकर्ता जोया महंत निवासी गुज्जर कॉलोनी बद्रीपुर ने बताया कि वह अपनी साथियों आशा, नैना और शिवानी के साथ गांव कुण्डियों में बधाई मांगने गई थी। इस दौरान राजकुमारी उर्फ नर्गिस अपने साथियों समीर खान और खुशी उर्फ जानी के साथ वहां पहुंची और कथित तौर पर गाली-गलौच करते हुए डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में शिकायतकर्ता को बाजू, टांग और कमर में चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी तरफ से भी दर्ज हुई शिकायत
इसी घटना से संबंधित एक अन्य शिकायत राजकुमारी गद्दी पत्नी किन्नर निवासी वार्ड नंबर 9 देवीनगर पांवटा साहिब द्वारा दर्ज करवाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह अपने साथी खुशी और चालक समीर के साथ गांव कुण्डियों में बधाई लेने गई थी, जहां पहले से मौजूद जोया, नैना, आशा और शिवानी के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि जोया ने राजकुमारी को धक्का देकर गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसे पेट, छाती और टांगों में चोटें आईं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।
नाहन में भी मारपीट और धमकी का मामला
एक अन्य मामला नाहन थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता माधवी चौहान निवासी नया बाजार नाहन के अनुसार 11 मार्च 2026 को फैमिली कोर्ट नंबर 2 नाहन में तलाक से संबंधित मामले की सुनवाई के बाद राहुल चुग पुत्र राम कुमार ने कथित तौर पर गाली-गलौच की, हाथापाई की और रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में भी शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इन सभी मामलों में संबंधित पुलिस थानों द्वारा मामले दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है, जबकि मारपीट और धमकी के मामलों में भी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।