शोघी में नवनिर्मित पंचायत घर का लोकार्पण लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को किया। इसके साथ ही आनंदपुर पंचायत में नए पंचायत घर तथा वेद कॉलोनी शोघी में सामुदायिक भवन का शिलान्यास भी किया गया। वहीं कहला से लोहाला और आनंदपुर से भोग संपर्क मार्गों का शिलान्यास कर क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात दी गई।
शोघी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण और संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समाज में किसी भी प्रकार का ध्रुवीकरण या विभाजन नहीं होना चाहिए और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।
उन्होंने कहा कि नए पंचायत घर के निर्माण से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यहीं से विकास कार्यों की प्रभावी योजना एवं क्रियान्वयन संभव होगा। मंत्री ने बताया कि पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह की विशेष मुहिम के तहत प्रदेशभर में एक समान डिजाइन में पंचायत घरों का निर्माण किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि शोघी क्षेत्र राजधानी में प्रवेश द्वार के रूप में जाना जाता है, ऐसे में यहां मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और आगामी वित्तीय वर्ष में बजट आवंटन के साथ कार्य पूरा किया जाएगा। इसके अलावा सुन्नी-घनाहट्टी और शोघी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई बोर्ड से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास किए गए हैं। साथ ही शोघी बाजार में ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा की गई, जिससे लोगों को सड़क पार करने में सुविधा मिलेगी। मंत्री ने शोघी और आनंदपुर पंचायत के लिए विधायक निधि से 5-5 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए विकास कार्य प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने फोरलेन निर्माण से पर्यावरण पर पड़ रहे प्रभाव पर भी चिंता जताई और एनएचएआई को निर्धारित दायरे में कार्य करने के निर्देश दिए जाने की बात कही।
जनसभा के उपरांत मंत्री ने जन शिकायतें भी सुनीं और प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया।
नया पंचायत घर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस
करीब 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से बने इस पंचायत घर में प्रधान कक्ष, पंचायत सचिव कार्यालय, तकनीकी सहायक कक्ष, पुस्तकालय, प्रतीक्षालय, बैठक हाल, रसोईघर, सम्मेलन कक्ष एवं शौचालय जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
