शिमला में आधार पंजीकरण की समीक्षा बैठक

rakesh nandan

06/01/2026

अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल की अध्यक्षता में शिमला में आधार कार्ड पंजीकरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूआईडीएआई से आए प्रतिनिधि विजय सिंह ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में 95 आधार केंद्र कार्यरत हैं।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार अधिकांश आधार केंद्र सरकारी भवनों में संचालित किए जा रहे हैं, जबकि कुछ निजी बैंकों को इसमें छूट दी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद आधार कार्ड धारकों के लिए मैनडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है।

बैठक में बताया गया कि 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट में स्कूलों की अहम भूमिका है। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को निर्देश जारी करें, ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए विशेष आधार बायोमेट्रिक अपडेट कैंप लगाए जा सकें। जिला प्रशासन द्वारा इन कैंपों के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

इसके साथ ही अतिरिक्त उपायुक्त ने डाक विभाग के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि डाकघरों में आधार पंजीकरण और अपडेट की निर्धारित समय-सीमा को बढ़ाया जाए, ताकि जिला के दूर-दराज क्षेत्रों के लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

दिव्यांशु सिंगल ने आम जनता से अपील की कि वे अपने नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर आधार पंजीकरण और अपडेट करवाएं, जिससे भारत सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि जिला शिमला में कार्यरत किसी भी आधार केंद्र से संबंधित सुझाव या शिकायत के लिए यूआईडीएआई की ईमेल आईडी help@uidai.gov.in या जिला प्रशासन से संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, यूआईडीएआई और डाक विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।