जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र से विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी और साइबर अपराध का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में शिलाई कांड़ो गांव निवासी प्रवीण शर्मा ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई है।
विदेश भेजने का झांसा देकर वसूले 70 हजार रुपये
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक एजेंट, जिससे उसकी मोबाइल पर बातचीत होती थी, ने विदेश भेजने का लालच देकर उससे 70 हजार रुपये लिए। इसके बाद उसे थाईलैंड के बैंकॉक भेजा गया। वहां से उसे अन्य लोगों के साथ थाईलैंड बॉर्डर ले जाकर जंगल के रास्ते म्यांमार सीमा पार करवाई गई।
एआई के माध्यम से अश्लील लाइव वीडियो कॉल कराने का आरोप
म्यांमार पहुंचने पर पीड़ित को एक कंपनी में जबरन काम पर लगाया गया। आरोप है कि वहां उसकी फर्जी लड़की की आईडी बनाई गई और उसे लड़की बनकर अमेरिका के लोगों से चैट करने के लिए मजबूर किया गया। इतना ही नहीं, एआई तकनीक के माध्यम से उससे अश्लील लाइव वीडियो कॉल भी करवाई जाती रही।
वापसी की मांग पर मांगे पैसे, थाई सेना ने किया रेस्क्यू
पीड़ित ने बताया कि जब उसने भारत वापस लौटने की बात कही, तो उससे और पैसे की मांग की गई। कुछ समय बाद थाईलैंड की सेना द्वारा उसे रेस्क्यू किया गया। अवैध तरीके से सीमा पार करने के आरोप में उसे 8 दिन जेल में भी रखा गया। बाद में 10 नवंबर 2025 को भारतीय दूतावास की मदद से उसे रेस्क्यू कर भारत वापस भेजा गया।
अभियोग दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी, मानव तस्करी और साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और एजेंट व नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस की जनता से अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि विदेश में अधिक पैसे कमाने के लालच में किसी भी एजेंट के झांसे में न आएं। बिना सत्यापन के विदेश जाना आर्थिक नुकसान के साथ-साथ जान-माल के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।