शहीद दिवस पर बचत भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

rakesh nandan

30/01/2026

शहीद दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राहुल कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, सहायक आयुक्त राजकुमार सहित उपायुक्त कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर देश की स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि 30 जनवरी को देशभर में शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है और यह दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस हमें उन अमर वीरों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति कराता है, जिन्होंने देश की आज़ादी, एकता और अखंडता के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।

उन्होंने कहा कि यह दिवस सत्य, अहिंसा, राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। शहीदों और महात्मा गांधी के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं।

उपायुक्त ने कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे शहीदों के सपनों के अनुरूप एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।