स्टूडेंट्स फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया (SFI) की हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलसचिव से विस्तृत वार्ता कर विश्वविद्यालय की वर्तमान स्थिति एवं छात्रों से जुड़ी प्रमुख मांगों को उनके समक्ष रखा। एसएफआई के सह सचिव किशोर ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में स्थित खाने की दुकानों में दुकानदारों द्वारा मनमाने तरीके से छात्रों से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिंक पैलेस क्षेत्र में स्थित दुकानों पर न तो सब्सिडी रेट लागू किए जा रहे हैं और न ही किसी दुकान में रेट लिस्ट प्रदर्शित की गई है।
एसएफआई ने मांग की कि विश्वविद्यालय परिसर की सभी दुकानों में अनिवार्य रूप से सब्सिडी रेट लिस्ट लगाई जाए तथा छात्रों को उसी निर्धारित दर के अनुसार भोजन उपलब्ध करवाया जाए। एसएफआई ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय के भीतर स्थित दुकानों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार छात्र खराब गुणवत्ता का भोजन खाने से बीमार हो रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन इस ओर कोई ठोस ध्यान नहीं दे रहा है। दुकानदारों द्वारा गुणवत्ता से समझौता कर अधिक मुनाफा कमाने का प्रयास किया जा रहा है, जो छात्रों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
एसएफआई ने कुलसचिव को इस संबंध में ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि इन सभी मुद्दों पर शीघ्र, ठोस और सकारात्मक कार्रवाई की जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, तो SFI संवाद के साथ-साथ सार्वजनिक बैठकें और आंदोलन का रास्ता भी अपनाएगा।
