प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रभावी और जनकल्याणकारी कदम उठा रही है। इसी कड़ी में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित सीनियर सिटीजन ओपीडी की शुरुआत की गई है, जिसे प्रदेश के प्रमुख अस्पतालों में लागू किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के अनुरूप जिला बिलासपुर के क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित ओपीडी आरंभ कर दी गई है। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए. के. सिंह ने बताया कि अस्पताल के कक्ष संख्या 209 में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह विशेष ओपीडी संचालित की जा रही है, जहां आयुजनित बीमारियों से ग्रस्त मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस सीनियर सिटीजन ओपीडी के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों की समग्र स्वास्थ्य जांच की जा रही है, जिसमें शारीरिक, मानसिक, मनोवैज्ञानिक एवं सामाजिक पहलुओं का आकलन शामिल है। वृद्धावस्था में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों की समस्याएं और स्मृति से जुड़ी बीमारियां आम होती हैं, जिनके लिए निरंतर और समन्वित चिकित्सा देखभाल आवश्यक होती है।
डॉ. ए.के. सिंह ने कहा कि इस ओपीडी के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को एक ही स्थान पर परामर्श, उपचार, फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। साथ ही रोगों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देते हुए गिरने से बचाव, आवश्यक टीकाकरण तथा हड्डियों से संबंधित बीमारियों की जांच भी की जा रही है। बेहतर उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ समन्वय कर व्यक्तिगत उपचार योजनाएं तैयार की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस समर्पित ओपीडी के संचालन के लिए एक विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। इस पहल से अब वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य ओपीडी की लंबी कतारों में खड़े नहीं होना पड़ेगा और उन्हें सम्मानजनक, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह व्यवस्था जिला बिलासपुर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण राहत साबित होगी।
