सेकंड नीरज चंदेल मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ

rakesh nandan

06/02/2026

सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में सेकंड नीरज चंदेल मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। जिला सिरमौर फुटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन दिग्विजय गुप्ता, प्रधान नागरिक सभा नाहन ने किया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता अमृत सिंह शाह तथा पूर्व वरिष्ठ कर्मचारी नेता राजेंद्र बब्बी उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए दिग्विजय गुप्ता ने जिला फुटबॉल संघ को स्वर्गीय नीरज चंदेल की स्मृति में इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब युवा खेलों से दूर हो रहे हैं, ऐसे में इस प्रकार की फुटबॉल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि एक समय नाहन फुटबॉल के लिए जाना जाता था और आज भी नाहन के कई खिलाड़ी और कोच देश के विभिन्न हिस्सों में फुटबॉल प्रशिक्षण से जुड़े हुए हैं। ऐसे में जिला फुटबॉल संघ नाहन को पुनः फुटबॉल की पहचान दिलाने का सराहनीय प्रयास कर रहा है।

जिला फुटबॉल संघ के महासचिव राकेश पाहवा, फुटबॉल कोच डॉ. जफर अली तथा वरिष्ठ खिलाड़ी आशीष थापा ने बताया कि तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में कुल 14 टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट का समापन 8 फरवरी को होगा। समापन समारोह में ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) हिमाचल के जनरल सेक्रेटरी एवं चेयरमैन दीपक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राकेश पाहवा ने कहा कि यह प्रतियोगिता जिला सिरमौर के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मंच प्रदान करेगी। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में आयोजन समिति के सदस्य आशीष थापा, रमन गुप्ता, डॉ. जफर अली और ललित बंसल सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।