भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय नाहन स्थित भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया और बूथ स्तर पर संगठनात्मक मजबूती की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। मीडिया से बात करते हुए मनीष चौहान ने बताया कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेशभर में बूथ सुदृढ़ीकरण अभियान को तेज गति से आगे बढ़ा रहा है। अभियान के तहत हर बूथ पर पाँच नए सक्रिय कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के 8000 बूथों में से लगभग 7000 बूथ ऐसे हैं जहां अनुसूचित जाति समुदाय की महत्वपूर्ण आबादी है। इन बूथों पर मोर्चा लगभग 35,000 नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के मिशन पर कार्य कर रहा है, जो 2027 के चुनाव में एक निर्णायक शक्ति के रूप में सामने आएंगे।
एससी मोर्चा बनेगा 2027 चुनावों का गेम-चेंजर
मनीष चौहान ने कहा कि यह अभियान भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएगा तथा एससी मोर्चा 2027 के विधानसभा चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
दलित महिला पर हुई अमानवीय घटना पर तीखी प्रतिक्रिया
हमीरपुर में एक दलित महिला के साथ हुई बर्बर घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए मनीष चौहान ने कहा कि—
“महिला के बाल काटकर और चेहरे पर कालिख पोतकर पूरे बाजार में घुमाया गया, लेकिन सरकार और प्रशासन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं कर पाए। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।” उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश में बढ़ रहे जातिगत भेदभाव का स्पष्ट संकेत है।
“कांग्रेस सरकार में बढ़े अत्याचार”—मनीष चौहान
मनीष चौहान ने कहा कि मीडिया रिपोर्टें साबित करती हैं कि प्रदेश में अनुसूचित जाति समुदाय पर अत्याचार बढ़े हैं, और सरकार की निष्क्रियता के कारण कमजोर वर्गों में गहरा असंतोष है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद करती रहेगी।