एससी आयोग अध्यक्ष से फाउंडेशन की मुलाकात

rakesh nandan

05/01/2026

रामपुर (हिमाचल प्रदेश) में आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जनकल्याण फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान फाउंडेशन के राज्य अध्यक्ष दुर्गा दास हीरा ने अनुसूचित जाति समाज से जुड़े विभिन्न गंभीर मुद्दों को लेकर आयोग अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर कुलदीप धीमान ने कहा कि आयोग दलित समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है और ज्ञापन में उठाए गए सभी विषयों पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि धर्मशाला में अनुसूचित जाति की लड़की की मौत के मामले में कांगड़ा पुलिस के पुलिस अधीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है तथा निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू स्वयं इस मामले को लेकर गंभीर हैं और उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

कुलदीप धीमान ने यह जानकारी भी दी कि हाल ही में लेक्चररों की प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति में अनुसूचित जाति वर्ग के किसी भी लेक्चरर को लाभ नहीं मिला है। इस विषय को सरकार एवं संबंधित विभाग के समक्ष जांच हेतु उठाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुसूचित जाति वर्ग के प्रत्येक व्यक्ति को उसके संवैधानिक अधिकार मिलना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष नरेश कुमार ने बंगाणा क्षेत्र में श्मशान घाट में शवदाह से रोके जाने की घटना को लेकर आयोग अध्यक्ष को लिखित शिकायत सौंपी। इस दौरान आयोग के सदस्य विजय डोगरा, सदस्य सचिव विनय मोदी, राज्य सचिव गुरमैल सिंह, उपाध्यक्ष हरि चन्द संधू, उपाध्यक्ष बिम्बो देवी, मीडिया प्रभारी सुलिन्द्र चोपड़ा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।