कांग्रेस ‘नड्डा फोबिया’ से ग्रस्त: सत्ती

rakesh nandan

14/12/2025

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सत्ती ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आज पूरी तरह “जगत प्रकाश नड्डा फोबिया” की शिकार हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नड्डा जी के शिमला दौरे और उनके तथ्यपरक बयानों से कांग्रेस इतनी घबराई हुई है कि अब वह झूठ और दुष्प्रचार का सहारा ले रही है। सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का यह दावा कि केंद्र सरकार ने आपदा के नाम पर हिमाचल को एक रुपया भी नहीं दिया, सरासर असत्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ने आपदा राहत, पुनर्वास, सड़क, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास मदों में हजारों करोड़ रुपये हिमाचल प्रदेश को दिए हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार इनका न तो सही उपयोग कर पाई और न ही पारदर्शिता से हिसाब दे सकी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता पूरी तरह प्रक्रिया में है और यह नियमानुसार जारी होती है, न कि राजनीतिक बयानबाजी के आधार पर। सत्ती ने कांग्रेस से सवाल किया कि राज्य सरकार ने केंद्र को अब तक कितनी डीपीआर और उपयोगिता प्रमाण-पत्र समय पर भेजे हैं। सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस को “डबल इंजन सरकार” पर सवाल उठाने से पहले यह बताना चाहिए कि उसके कार्यकाल में प्रदेश की आर्थिक स्थिति क्यों बद से बदतर हो गई। आज हिमाचल पर कर्ज का बोझ ऐतिहासिक स्तर पर है, कर्मचारियों और पेंशनरों की देनदारियां लंबित हैं और विकास कार्य ठप पड़े हैं।

उन्होंने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल की मिट्टी से जुड़े नेता हैं, जिन्होंने हर मंच पर प्रदेश के हितों और आपदा राहत की आवाज मजबूती से उठाई है। कांग्रेस इसी सच्चाई से घबराई हुई है और नड्डा जी के हर दौरे को राजनीतिक बताकर बदनाम करने का प्रयास कर रही है। सत्ती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार हर परिस्थिति में हिमाचल प्रदेश के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।