बनेठी में सरकार गांव के द्वार, 92 समस्याओं का निपटारा

rakesh nandan

30/01/2026

उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में आज नाहन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनेठी में प्रदेश सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “सरकार गांव के द्वार” आयोजित किया गया।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसी उद्देश्य से प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करने के लिए यह कार्यक्रम प्रदेशभर में आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने 1 लाख 36 हजार कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल कर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद विकास कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहे हैं।
उद्योग मंत्री ने बताया कि जिला सिरमौर में पीएमजीएसवाई-IV के अंतर्गत 11 सड़कों के लिए 90 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि नेरी पुल-यशवंत नगर-ओच्छघाट सड़क के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन सड़कों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने बताया कि लो-वोल्टेज समस्या के स्थायी समाधान हेतु आरडीएसएस योजना के अंतर्गत जिले में 959 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर अजय सोलंकी, विधायक नाहन ने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम से ग्रामीणों को मौके पर ही राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में अनेक विकास कार्य प्रगति पर हैं तथा सड़क निर्माण के लिए एफआरए मामलों को स्वीकृति मिली है। उन्होंने लोगों से भूमि की गिफ्ट डीड देने का आग्रह किया ताकि सड़क निर्माण शीघ्र आरंभ किया जा सके।

उन्होंने बनेठी के समीप सरांहा जोहड़ी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने, गौंत गांव के लिए पेयजल योजना के शिलान्यास, बनेठी-कांगर-घूंड-डगजार सड़क निर्माण और आवश्यकता अनुसार हैंडपंप स्थापित करने की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान 92 जनसमस्याएं एवं विकासात्मक मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। इसके अतिरिक्त

  • 6 इंतकाल

  • 2 रजिस्ट्रियां

  • 51 विभिन्न प्रमाण पत्र

  • 14 एचआरटीसी उपदान कार्ड

तैयार किए गए।

कार्यक्रम में आधार शिविर के माध्यम से 25 आधार कार्ड अपडेट/निर्मित, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 100 लोगों की स्वास्थ्य जांच, निशुल्क दवाओं का वितरण तथा 43 एक्स-रे किए गए।

इस अवसर पर प्रियंका वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव सांख्यान, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आनंद परमार, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।