विकसित भारत पदयात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी को मिलेगा नया आयाम – युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने MY Bharat (माय भारत) के माध्यम से देशभर में विकसित भारत पदयात्राएँ आयोजित करने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, सामाजिक जिम्मेदारी और एकता की भावना को सशक्त करना है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है। इसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। विशेष रूप से अमृत पीढ़ी (आज के युवा वर्ग) को इस यात्रा में नेतृत्व की भूमिका दी जा रही है।

इसी कड़ी में 6 अक्टूबर 2025 को मंत्रालय ने Sardar@150 Unity March का शुभारंभ किया। यह पहल भारत सरकार और MY Bharat की संयुक्त परियोजना है, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने MY Bharat पोर्टल पर इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ किया। अभियान के प्रथम चरण में सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन, और Sardar@150 Young Leaders Program आयोजित किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम के तहत चयनित 150 युवा नेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

जिला स्तर पर आयोजित होने वाली विकसित भारत पदयात्राएँ 31 अक्टूबर से 25 नवम्बर 2025 तक आयोजित की जाएंगी। पदयात्रा से पूर्व स्कूलों और कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, सरदार पटेल पर संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियाँ होंगी। साथ ही, युवाओं को नशामुक्त भारत शपथ, स्वदेशी मेलों, और “गर्व से स्वदेशी” संकल्प के माध्यम से प्रेरित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की पदयात्रा 26 नवम्बर से 6 दिसम्बर 2025 तक आयोजित होगी, जिसमें करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया) तक 152 किलोमीटर की यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान 150 पड़ावों पर विकसित भारत प्रदर्शनी और भारत की विविध संस्कृति के उत्सव आयोजित होंगे। सभी पंजीकरण और गतिविधियाँ MY Bharat Portal पर जारी हैं।
देशभर के युवाओं से आह्वान है कि वे इस ऐतिहासिक पहल में शामिल होकर एकता, विकास और राष्ट्रीय गर्व के संकल्प को सशक्त बनाएं।