नए रूप में सजेगा शिमला का संकटमोचन मंदिर पार्क

rakesh nandan

08/01/2026

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में स्थित प्रसिद्ध संकटमोचन मंदिर परिसर में बना पार्क अब नए स्वरूप में नजर आएगा। पार्क के नवीनीकरण से न केवल पर्यटकों को, बल्कि स्थानीय बच्चों को भी आधुनिक और सुरक्षित खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप के प्रयासों से संकटमोचन मंदिर पार्क का व्यापक स्तर पर जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि संकटमोचन मंदिर राजधानी का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मंदिर परिसर से सटे पार्क की स्थिति लंबे समय से उपेक्षित बनी हुई थी।

वर्ष 2004 में निर्मित यह पार्क वर्ष 2010 तक उपयोग में रहा, लेकिन बीते करीब 15 वर्षों से इसका नवीनीकरण नहीं हो पाया था। समय के साथ पार्क में लगे झूले टूट चुके थे, खेल सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई थी और बच्चे मिट्टी में खेलने को मजबूर थे, जिससे पार्क की सुंदरता और उपयोगिता दोनों प्रभावित हो रही थीं।

गत वर्ष उपायुक्त अनुपम कश्यप ने पार्क का निरीक्षण किया और इसकी जर्जर हालत को देखते हुए तत्काल नवीनीकरण के निर्देश जारी किए। इसके बाद पिछले कई महीनों से पार्क के जीर्णोद्धार का कार्य निरंतर जारी है। उपायुक्त ने बताया कि मंदिर परिसर को आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से पार्क को नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है।

नवीनीकरण के तहत पार्क में बच्चों के लिए आधुनिक झूले लगाए गए हैं। पूरे क्षेत्र में ग्रीन कारपेट बिछाई गई है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में खेलने की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही पार्क में नए खिलौने, आकर्षक पुतले तथा बैठने की समुचित व्यवस्था भी की गई है।

उपायुक्त ने बताया कि पार्क का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है और इसे इसी माह पर्यटकों तथा स्थानीय बच्चों के लिए खोल दिया जाएगा। पार्क के नए स्वरूप से संकटमोचन मंदिर परिसर की सुंदरता में वृद्धि होगी और यह स्थान धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ पारिवारिक भ्रमण के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।