भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की विवादित सोशल मीडिया पोस्ट और उससे उपजे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश का प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह दिशाहीन और बेलगाम हो चुका है।
संजीव कटवाल ने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में कुछ अधिकारी खुद को जवाबदेही से ऊपर समझने लगे हैं और भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार जानबूझकर आंखें मूंदे बैठी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ने कभी भी ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों का विरोध नहीं किया, बल्कि ऐसे अधिकारियों का सदैव सम्मान किया है, लेकिन भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और कमीशनखोरी के मामलों को उजागर करना भाजपा का दायित्व रहा है।
उन्होंने भाजपा उपाध्यक्ष एवं सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि प्रदेश के बाहर से आए प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर की जा रही टिप्पणियां न केवल संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं, बल्कि हिमाचल की उस परंपरा को भी ठेस पहुंचाती हैं, जहां देश के कोने-कोने से आए अधिकारियों ने देवभूमि की निष्ठा से सेवा की है।
संजीव कटवाल ने कहा कि असली सवाल अधिकारियों की जन्मभूमि नहीं, बल्कि उनकी ईमानदारी और कार्यशैली है। यदि कोई अधिकारी या सत्ता से जुड़ा व्यक्ति भ्रष्टाचार में लिप्त है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि कांग्रेस सरकार में मंत्री और अधिकारी गैर-जिम्मेदार बयान दे रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की ओर से न तो कोई स्पष्ट रुख सामने आ रहा है और न ही कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई।
उन्होंने कहा कि यह चुप्पी या तो भ्रष्टाचार पर मौन सहमति को दर्शाती है या फिर प्रशासन पर सरकार की कमजोर पकड़ को—दोनों ही स्थितियां प्रदेश के लिए गंभीर खतरा हैं। प्रशासनिक अधिकारी संविधान और सेवा नियमों के अनुसार निष्पक्ष रूप से कार्य करें, यही लोकतंत्र की बुनियाद है।
अंत में संजीव कटवाल ने मांग की कि मुख्यमंत्री इस पूरे मामले पर तुरंत सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करें, विवादित बयानों पर जवाबदेही तय करें और यह सुनिश्चित करें कि हिमाचल प्रदेश में प्रशासनिक अनुशासन, पारदर्शिता और सौहार्द किसी भी कीमत पर कमजोर न होने पाए। उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ अपनी लड़ाई पहले की तरह आगे भी पूरी मजबूती से जारी रखेगी।