आकांक्षात्मक खंड कार्यक्रम (Aspirational Block Programme) के अंतर्गत सम्पूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ विकास खंड कुपवी में किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम से जुड़े सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अध्यक्षों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमन कुमार राणा, उपमंडल दंडाधिकारी कुपवी ने की। उन्होंने सम्पूर्णता अभियान 2.0 के उद्देश्यों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि चिन्हित प्रमुख संकेतकों (Key Indicators) में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान ब्लॉक स्तरीय अध्यक्षों द्वारा उन संकेतकों पर विशेष चर्चा की गई, जिनमें वर्तमान में प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम है। इन संकेतकों के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्व को रेखांकित करते हुए इन्हें 100 प्रतिशत संतृप्ति स्तर तक ले जाने के लिए विभागीय कार्य योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर करणवीर सिंह, सहायक आयुक्त-सह-खंड विकास अधिकारी कुपवी ने कहा कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 का मुख्य उद्देश्य चयनित संकेतकों की पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित करना है, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने सभी विभागों एवं फील्ड स्तर के कार्मिकों से लक्ष्य आधारित और परिणामोन्मुखी कार्य करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता तथा स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा पोषण अभियान और टीकाकरण के महत्व पर जानकारी दी गई तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण की रोकथाम एवं पूर्ण टीकाकरण के लाभों से अवगत करवाया गया।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा फील्ड स्तर पर कार्यान्वयन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और चुनौतियों को साझा किया गया। इनके समाधान के लिए आपसी समन्वय और सहयोग से कार्य करने का निर्णय लिया गया। सम्पूर्णता अभियान 2.0 के सफल क्रियान्वयन हेतु विभागीय समन्वय, जन-भागीदारी और फ्रंटलाइन वर्कर्स की सक्रिय भूमिका को अत्यंत आवश्यक बताया गया। सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें, ताकि विकास खंड कुपवी को एक सशक्त आकांक्षात्मक खंड के रूप में विकसित किया जा सके।
