सीएम सुक्खू ने हेल्थ केयर काउंसिल वेबसाइट की लॉन्च

rakesh nandan

08/01/2026

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां स्टेट अलाइड एंड हेल्थ केयर काउंसिल हिमाचल प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट www.sahchp.in का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य के अलाइड एवं स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में डिजिटल सुशासन, पारदर्शिता और कार्यकुशलता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वेबसाइट के माध्यम से काउंसिल से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां सरल और सुव्यवस्थित रूप में उपलब्ध करवाई जाएंगी। यह प्लेटफॉर्म स्वास्थ्य पेशेवरों, शिक्षण संस्थानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए एक विश्वसनीय और उपयोगकर्ता-अनुकूल माध्यम सिद्ध होगा, जिससे सेवाओं तक आसान और त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी।

सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य एनसीएएचपी अधिनियम को लागू करने में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से “वन नेशन-वन करिकुलम-वन रजिस्ट्रेशन” की अवधारणा को मजबूती मिलेगी, जिससे अलाइड एवं हेल्थ केयर पाठ्यक्रमों में गुणवत्ता और मानकीकरण सुनिश्चित होगा।

इस अवसर पर काउंसिल के अध्यक्ष विनोद चौहान ने वेबसाइट की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए काउंसिल की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में विधायक संजय अवस्थी, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क राजीव कुमार, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव हरीश गज्जू, स्टेट अलाइड एंड हेल्थ केयर काउंसिल के सचिव राजेश कौशिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।