नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) जिला केंद्र बिलासपुर द्वारा सेफर इंटरनेट डे-2026 के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बिलासपुर में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक (आईटी) एवं जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) एनआईसी बिलासपुर राकेश कुमार ने की।
कार्यशाला के दौरान राकेश कुमार ने इंटरनेट सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, साइबर स्वच्छता तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सुरक्षित एवं उत्तरदायी उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने एआई से जुड़े बढ़ते जोखिमों पर प्रकाश डालते हुए डीपफेक वीडियो, ऑडियो एवं इमेज की पहचान के तरीकों की महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
उन्होंने भारत में हाल ही में सामने आए एआई खतरों, साइबर धोखाधड़ी, साइबर गिरफ्तारी एवं साइबर हमलों के वास्तविक उदाहरण प्रस्तुत किए। साथ ही फिशिंग, विशिंग, स्मिशिंग, पहचान की चोरी, साइबर बुलिंग तथा बैंकिंग व ओटीपी धोखाधड़ी जैसे साइबर खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उनसे बचाव के उपाय बताए।
उन्होंने केवल वैध HTTPS/SSL प्रमाणित वेबसाइटों के उपयोग पर बल दिया तथा फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दो-कारक प्रमाणीकरण सक्रिय रखने की सलाह दी। इसके अतिरिक्त, सभी ऐप केवल आधिकारिक एंड्रॉइड एवं आईओएस ऐप स्टोर से डाउनलोड करने तथा कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल उपकरणों के ऑपरेटिंग सिस्टम एवं एंटी-वायरस सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट रखने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में डेटा उल्लंघन की स्थिति में रिपोर्टिंग की प्रक्रिया और आवश्यक कदमों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर ओंकार सिंह, संस्थान के अनुदेशकगण, एनआईसी इंजीनियर विवेक गुप्ता एवं श्याम कौशल सहित लगभग 150 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।