सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव: 15 फरवरी तक भेजें लघु फिल्में

rakesh nandan

30/01/2026

उपमण्डाधिकारी कल्पा अमित कलथाईक ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य परिवहन निदेशालय द्वारा सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत आमजन को सड़क सुरक्षा की थीम पर रचनात्मक लघु फिल्में अथवा वीडियो तैयार कर भाग लेने का अवसर दिया जा रहा है। इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां 15 फरवरी, 2026 तक राज्य परिवहन निदेशालय, शिमला के ई-मेल आईडी departmentoftransporthp@gmail.com पर भेज सकते हैं अथवा राज्य परिवहन निदेशालय कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से भी जमा कर सकते हैं।

उपमण्डाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव में भाग लेने के लिए प्रतिभागी की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। प्रतियोगिता में भेजी जाने वाली वीडियो हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में होनी चाहिए तथा उसका विषय पूर्णतः सड़क सुरक्षा से संबंधित होना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक प्रयासों से युवाओं और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी तथा सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस फिल्म महोत्सव में भाग लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।