जिला ऊना में सड़क सुरक्षा अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के माध्यम से जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन विशेषकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों की दृष्टि जांच कर सुरक्षित ड्राइविंग को बढ़ावा देना है।
आरटीओ ने बताया कि यह नेत्र जांच शिविर 14 जनवरी को आईएसबीटी ऊना, 16 जनवरी को ट्रक यूनियन टाहलीवाल तथा 21 जनवरी को ट्रक यूनियन गगरेट में आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों द्वारा वाहन चालकों की आंखों की जांच की जाएगी और आवश्यकता अनुसार उन्हें निःशुल्क चश्मे भी प्रदान किए जाएंगे।
अशोक कुमार ने वाहन चालकों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि अच्छी दृष्टि सुरक्षित यात्रा की पहली शर्त है। इस प्रकार के प्रयास सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।