गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए कार्यरत जिला रेडक्रॉस सोसाइटी हमीरपुर में समाजसेवी लोग बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। इसी कड़ी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर से सेवानिवृत्त संगीत के प्रोफेसर धर्मपाल ने रेडक्रॉस सोसाइटी को एक लाख रुपये का अंशदान दिया है।
सेवा भावना की मिसाल बने प्रोफेसर धर्मपाल
75 वर्षीय प्रोफेसर धर्मपाल कुठेड़ा क्षेत्र के गांव बागचौकी के निवासी हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है। उनके इस योगदान से रेडक्रॉस सोसाइटी की जरूरतमंदों की सहायता से जुड़ी गतिविधियों को और बल मिलेगा।
उपायुक्त ने जताया आभार
प्रोफेसर धर्मपाल का धन्यवाद करते हुए उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी हमेशा गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने आम लोगों से भी आह्वान किया कि वे अपनी नेक कमाई का कुछ अंश रेडक्रॉस सोसाइटी में दान कर मानव सेवा में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही रेडक्रॉस सोसाइटी जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाने में सक्षम हो पाती है।