ज़िला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि समारोह के मुख्यातिथि सर्वप्रथम कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं ज़िलावासियों की ओर से स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
मुख्यातिथि द्वारा प्रातः 11:00 बजे चौगान मैदान में ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसके उपरांत पुलिस, होमगार्ड्स एवं अन्य टुकड़ियों द्वारा भव्य मार्चपास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं अन्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि उत्कृष्ट कर्मचारियों की सूची समय पर उपायुक्त कार्यालय सिरमौर को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भाग लेंगे। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण, जल शक्ति, पुलिस, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा नगर निगम सिरमौर को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी विभागों से आग्रह किया कि अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निपटारा करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एल.आर. वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, सहायक आयुक्त उपायुक्त विवेक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।