भोरंज में रैडक्रॉस के नए सदस्यों को प्रमाण पत्र

rakesh nandan

19/02/2026

असहाय, गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्यरत Indian Red Cross Society की भोरंज उपमंडल इकाई में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वीरवार को मिनी सचिवालय भोरंज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रैडक्रॉस सोसाइटी के नए सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शशिपाल शर्मा ने सभी नए सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रैडक्रॉस सोसाइटी असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता का एक प्रभावी माध्यम है। कोई भी व्यक्ति रैडक्रॉस का सदस्य या संरक्षक बनकर अपनी नेक कमाई का एक अंश समाज सेवा के लिए समर्पित कर सकता है, जिससे जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।

एसडीएम ने सदस्यों को समाज सेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा भविष्य में रैडक्रॉस की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में नायब तहसीलदार रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं रैडक्रॉस के सदस्य भी उपस्थित रहे।