रामपुर-बंजारन मार्ग की बदहाल हालत पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

rakesh nandan

22/01/2026

सिरमौर जिला की ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर के अंतर्गत आने वाले रामपुर-बंजारन मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खस्ता बनी हुई है। सड़क की दशा सुधारने और निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितताओं को दुरुस्त करने की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने आज धौलाकुआं स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कहीं सड़क को अत्यधिक नीचे तो कहीं अनावश्यक रूप से ऊंचा उठा दिया गया है, जिससे वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भरने की समस्या और अधिक गंभीर हो सकती है।

स्थानीय निवासी केवल सिंह, चंपा और अजय ने बताया कि सड़क की ऊंचाई बढ़ जाने से उनके घरों तक जाने वाले रास्ते प्रभावित हुए हैं, जिससे दैनिक जीवन में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने विभाग से मांग की कि सड़क निर्माण को सही तरीके से करवाया जाए और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए।

उधर, ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर के उप-प्रधान रजनीश चौधरी ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य में स्पष्ट अनियमितताएं हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर लोक निर्माण विभाग कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन वहां कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।

उप-प्रधान ने मांग की कि सड़क की ऊंचाई एक समान रखी जाए, निर्माण में बरती गई खामियों को तत्काल सुधारा जाए और प्रभावित लोगों को राहत दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन को और तेज करने पर मजबूर होंगे।