नाहन मेडिकल कॉलेज पर बिंदल के सवाल

rakesh nandan

18/02/2026

डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राज्यपाल द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर नाहन मेडिकल कॉलेज को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार चंबा, हमीरपुर, टांडा, चमियाना सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और आईजीएमसी शिमला को विभिन्न मदों में आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, जबकि डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन को शून्य सहायता दर्शाया गया है।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि नाहन मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य लगभग साढ़े तीन वर्षों से बंद पड़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत धनराशि के बावजूद परियोजना में प्रगति नहीं दिख रही है और यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि स्वीकृत राशि का उपयोग कहां हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि माता एवं शिशु अस्पताल के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत होने और भूमि चयन के बाद भी तीन वर्षों में परियोजना आगे नहीं बढ़ी। इसी प्रकार नर्सिंग कॉलेज के लिए बजट में स्वीकृति मिलने के बावजूद कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।

उन्होंने कहा कि 500 बिस्तरों वाले अस्पताल और 11-11 मंजिला भवनों का निर्माण अब तक पूरा हो जाना चाहिए था। उन्होंने यह मुद्दा राज्यपाल द्वारा पढ़ी गई सरकारी रिपोर्ट के आधार पर उठाते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।