पंचायती राज चुनाव: हाईकोर्ट फैसले पर बोले डॉ. राजीव बिंदल

rakesh nandan

12/01/2026

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पंचायती राज चुनावों को लेकर माननीय हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा प्रहार किया है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा दिया गया यह निर्णय हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के हित में है और लोकतंत्र की मजबूती के साथ-साथ संविधान की पूर्ण भावना के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि इस फैसले का प्रदेश की जनता ने व्यापक स्तर पर स्वागत किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री द्वारा न्यायालय के फैसले पर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण, आपत्तिजनक और न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया गया है, वह माननीय उच्च न्यायालय की अवमानना के समान है और यह संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के खिलाफ है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि यह किसी से छिपा नहीं है कि हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयोग द्वारा दिसंबर–जनवरी में पंचायत चुनाव करवाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, इसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने चुनाव टालने के प्रयास किए। जब मामला उच्च न्यायालय में पहुंचा, तो न्यायालय ने जनता, लोकतंत्र और संविधान के पक्ष में स्पष्ट फैसला सुनाया।

उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के फैसले पर इस प्रकार की अवांछनीय टिप्पणियां करना प्रदेश के हित में नहीं है और यह न्यायपालिका के कार्य में हस्तक्षेप का प्रयास है, जिसे भाजपा कभी स्वीकार नहीं करेगी।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को चाहिए कि वह न्यायालय के आदेशों का सम्मान करे, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालने की राजनीति छोड़े और पंचायती राज चुनावों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराए। भाजपा लोकतंत्र, संविधान और ग्रामीण हिमाचल की आवाज के साथ मजबूती से खड़ी है।