नाहन में डॉ. बिंदल ने कार्यकर्ताओं संग सुना ‘मन की बात’

rakesh nandan

01/12/2025

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बूथ नंबर 38, यशवंत विहार में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण सुना। इस अवसर पर भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश के विभिन्न बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक इस कार्यक्रम को सुना, जो अपने आप में एक सकारात्मक जन-भागीदारी का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, जन जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का एक शक्तिशाली माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रत्येक संबोधन समाज को नई सोच, नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करता है।
128वीं कड़ी में प्रधानमंत्री ने देश के विकास, नवाचार, युवा शक्ति, कृषि, संस्कृति, रक्षा, पर्यटन और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर प्रेरणादायक संदेश दिए।

डॉ. बिंदल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने संविधान दिवस, वंदे मातरम् के 150 वर्ष, अयोध्या में राम मंदिर धर्मध्वजा आरोहण, कुरुक्षेत्र के पांचजन्य स्मारक समेत कई ऐतिहासिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए देशवासियों को अपनी गौरवशाली विरासत से जुड़ने का संदेश दिया।
उन्होंने हैदराबाद की लीप इंजन एमआरओ फैसिलिटी, मुंबई में नौसेना को समर्पित INS माहे, और भारत के बढ़ते स्पेस इकोसिस्टम की चर्चा करते हुए आत्मनिर्भरता का सशक्त चित्र प्रस्तुत किया।

प्रधानमंत्री द्वारा देश के युवाओं की वैज्ञानिक सोच की सराहना, इसरो की ड्रोन प्रतियोगिता और चंद्रयान-3 की सफलता का उल्लेख विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराना नहीं, बल्कि उससे सीखकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है।

डॉ. बिंदल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हनी मिशन, शहद उत्पादन, किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सक्षम बनाने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। जम्मू-कश्मीर से लेकर कर्नाटक और नागालैंड तक के उदाहरणों से यह स्पष्ट होता है कि सरकार ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गीता महोत्सव, काशी-तमिल संगमम्, भारतीय संस्कृति के वैश्विक विस्तार, बुद्ध अवशेषों के विश्व भ्रमण और एक भारत–श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करने वाले प्रसंगों पर भी चर्चा की।
इसके साथ उन्होंने नौसेना दिवस, रक्षा शक्ति और देश की सामरिक तैयारियों पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

डॉ. बिंदल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक खेती, शीतकालीन पर्यटन, उत्तराखंड विंटर गेम्स, ‘वेड इन इंडिया’ अभियान और हिमालयी राज्यों में पर्यटन की नई संभावनाओं पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे हिमाचल प्रदेश के लिए भी नए अवसर खुलेंगे।

अंत में डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश को राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भरता, सांस्कृतिक गौरव और सतत विकास की ओर प्रेरित करता है। भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक प्रधानमंत्री के इन संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।