कार्यकर्ताओं के बल पर बनेगी भाजपा सरकार: बिन्दल

rakesh nandan

19/12/2025

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत, जोश और जुनून के बल पर ही आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार का तीन साल का कार्यकाल व्यवस्थाओं के पतन और जनविरोधी निर्णयों से भरा रहा है।

डा. राजीव बिन्दल आज नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विक्रमबाग और देवनी पंचायतों के विभिन्न बूथों पर आयोजित बूथ स्तरीय बैठकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान जनता से 10 झूठी गारंटियां की थीं, लेकिन सरकार बनने के बाद वे सभी गारंटियां पूरी करने में पूरी तरह विफल रही हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन बूथ स्तरीय बैठकों में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं पर भी गंभीर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के गांव सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार और उसके प्रतिनिधि जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं।

डा. बिन्दल ने कहा कि भाजपा प्रदेश भर में अपने बूथ संगठन को लगातार मजबूत कर रही है। नाहन विधानसभा क्षेत्र के 121 बूथों पर भी चरणबद्ध तरीके से बूथ स्तरीय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि विक्रमबाग-देवनी सहित नाहन क्षेत्र में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान खोले गए जनहित के अनेक संस्थानों पर कांग्रेस सरकार बनते ही ताले लग गए, जिससे क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे और आने वाले समय में प्रदेश में परिवर्तन की नींव रखेंगे।