भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए तीन वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन इन तीन वर्षों में सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए मुख्यमंत्री, मंत्रीगण और पूरी कांग्रेस पार्टी आज सियासी ड्रामा कर रही है। डॉ. बिंदल ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि प्रदेश को चलाने वाली पूरी सरकार स्वयं भूख हड़ताल पर बैठी है। सरकार कांग्रेस की है और जनता ने उम्मीदें भी कांग्रेस सरकार से लगाई थीं, लेकिन आज मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री तक सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या हो सकता है कि शासन चलाने वाले ही शासन के खिलाफ आंदोलन कर रहे हों।
उन्होंने कहा कि श्रीराम के नाम से कांग्रेस सरकार को इतनी परेशानी हो रही है कि करोड़ों ग्रामीणों के कल्याण से जुड़ी जी-राम-जी योजना को पूरी तरह नकारने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। यह योजना गांव-गांव में सेवा, रोजगार और विकास का नया अध्याय लिखने वाली है, लेकिन राम नाम जुड़ा होने के कारण कांग्रेस सरकार इसे स्वीकार नहीं कर पा रही है, जो उसकी तुष्टिकरण और राम-विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में कांग्रेस सरकार पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे थोप रही है। वार्ड सदस्य, पंचायत प्रधान, बीडीसी, जिला परिषद सदस्य, विधायक और वरिष्ठ नेता—सभी को योजनाबद्ध तरीके से प्रताड़ित किया जा रहा है। यह स्थिति लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। सरकार अब शासन करने के बजाय हड़ताल करने की ट्रेनिंग ले रही है। तख्तियां उठाना और भूख हड़ताल करना इस बात का संकेत है कि कांग्रेस सरकार अपनी विदाई तय मान चुकी है। बहुत जल्द प्रदेश की जनता इस नाटकबाज और निकम्मी सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।