भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी के 140 वर्ष पूरे होने पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज़ादी का श्रेय लेने वाली कांग्रेस ने वास्तव में देश को सबसे अधिक नुकसान पहुँचाया है। उन्होंने कहा कि मोहनदास करमचंद गांधी, लाल-बाल-पाल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल और लाल बहादुर शास्त्री की कांग्रेस को नेहरू-गांधी परिवार ने समाप्त कर परिवारवाद की कांग्रेस थोप दी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता और स्वार्थ के लिए भारत माता के विभाजन जैसा महापाप किया, जिससे लाखों लोग विस्थापित हुए और देश को धर्म के आधार पर बाँट दिया गया। कश्मीर समस्या को जन्म देकर कांग्रेस ने देश को स्थायी घाव दिया। धारा 370 और 35ए लगाकर कश्मीर को मुख्यधारा से अलग रखा गया, जिसके कारण हजारों सैनिकों को बलिदान देना पड़ा और कश्मीरी हिंदुओं को पलायन झेलना पड़ा।
उन्होंने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए कांग्रेस ने संविधान में 70 से अधिक संशोधन किए, आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की और लाखों लोगों को जेलों में डाला। सनातन संस्कृति पर आघात किया गया, महापुरुषों के योगदान को दबाया गया और इतिहास को तोड़-मरोड़कर तुष्टीकरण की राजनीति की गई। यही मानसिकता आज भी कांग्रेस की पहचान है, जिसका दुष्परिणाम हिमाचल प्रदेश की जनता भुगत रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया है, जबकि विकास कार्य ठप पड़े हैं। जनविरोधी फैसलों के खिलाफ भाजपा लगातार आवाज उठा रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को पुनः स्थापित कर रहा है। भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव के पथ पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस आज भी भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।
सरकाघाट में संगठनात्मक बैठक
इसी वैचारिक संघर्ष के तहत सरकाघाट में भाजपा मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती और स्थानीय जनसमस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया।
डॉ. बिंदल ने बताया कि बैठक में विधायक दलीप ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, जिला प्रभारी तिलक राज, प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. वंदना जगी, जिला अध्यक्ष हीरा लाल, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र भुट्टो, महिला मोर्चा अध्यक्षा नीलम परमार, जिला महामंत्री ओम प्रकाश, मंडल अध्यक्ष पवन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संगठन जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है और कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष सड़कों से सदन तक जारी रहेगा।
