पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने अवैध शराब माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम भुंगरनी चौक क्षेत्र में गश्त के दौरान नशा कारोबार से संबंधित गुप्त जानकारी एकत्र कर रही थी। इसी बीच एक गुप्त सूत्र से सूचना मिली कि अमरजीत सिंह निवासी निहालगढ़ एक प्लास्टिक के बोरे में अवैध कसीद शुदा शराब लेकर निहालगढ़ से भुंगरनी चौक की ओर पैदल आ रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत वहां नाकाबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान अमरजीत सिंह के कब्जे से 4 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही कार्यवाही करते हुए आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस विभाग ने कहा कि सिरमौर में शराब व नशा माफिया पर नकेल कसने के लिए अभियान निरंतर जारी है और ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।