झंडूता में प्रोटेक्टिव एजिंग कार्यक्रम की उपमंडल स्तरीय बैठक

rakesh nandan

20/01/2026

तहसील कल्याण अधिकारी झंडूता के माध्यम से आज पंचायत समिति भवन, झंडूता में प्रोटेक्टिव एजिंग कार्यक्रम के अंतर्गत एक उप-मंडल स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता आर्शिया शर्मा ने की। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिनमें स्वास्थ्य जांच एवं देखभाल, आजीविका सशक्तिकरण, डिजिटल सशक्तिकरण, पीढ़ीगत संवाद तथा जन-जागरूकता प्रमुख एजेंडा रहे। बैठक का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानजनक, सुरक्षित और सक्रिय जीवन को सुनिश्चित करना रहा।

🔹 29 जनवरी को वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला

बैठक में निर्णय लिया गया कि 29 जनवरी को ठाकुरद्वारा नरसिंह मंदिर, ज्जर कल्याड़ा, ग्राम पंचायत बैरी मियां में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक एक-दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। एसडीएम झंडूता ने सभी संबंधित विभागों तथा गैर-सरकारी संगठनों से आह्वान किया कि वे वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

🔹 पेंशन केवाईसी 31 जनवरी तक अनिवार्य

तहसील कल्याण अधिकारी झंडूता द्वारा जानकारी दी गई कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे सभी वरिष्ठ नागरिक अपनी केवाईसी प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 से पूर्व आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से अनिवार्य रूप से पूर्ण करवाएं। निर्धारित तिथि तक केवाईसी पूर्ण न होने की स्थिति में पेंशन रोकी जा सकती है

🔹 वरिष्ठ नागरिकों के लिए समन्वित प्रयास

बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज में उनके अनुभवों का लाभ नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विभागीय समन्वय को और मजबूत किया जाए।

👥 बैठक में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर संजीव पुरी, कमल कान्त शर्मा, अमित कुमार, डॉ. रजत कुमार शर्मा, राजेंद्र कुमार, हुकम सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।