शिक्षा में उत्कृष्टता को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से प्रयास फाउंडेशन जिला सिरमौर के सतौन क्षेत्र में मेधावी विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन करने जा रहा है। इसकी जानकारी फाउंडेशन के संयोजक दिनेश सिंह चौहान ने पांवटा साहिब में साझा की। उन्होंने बताया कि यह नया प्रयास विद्यार्थियों के मानसिक विकास, अवलोकन क्षमता, रचनात्मक सोच, करियर मार्गदर्शन और व्यावहारिक समझ को सशक्त बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यह शैक्षणिक भ्रमण टीम वर्क और कौशल विकास का भी अवसर प्रदान करेगा।
डॉ. जय चंद ने कहा कि यह भ्रमण विद्यार्थियों में शिक्षा, अवधारणा, मोटिवेशन, लर्निंग और एक्सपोजर का संगम साबित होगा। फाउंडेशन द्वारा पोका, सतौन और कमरऊ पंचायतों के शैक्षणिक सत्र 2024-25 के मेधावी विद्यार्थियों के लिए 17-18 फरवरी 2026 को चंडीगढ़ भ्रमण आयोजित किया जाएगा। इस भ्रमण में 8वीं कक्षा के प्रत्येक विद्यालय के टॉपर, 10वीं के पंचायत स्तर के दो टॉपर, 12वीं के प्रत्येक संकाय के दो टॉपर विद्यार्थियों के साथ प्रत्येक पंचायत से एक शिक्षक एवं फाउंडेशन सदस्य शामिल होंगे। लगभग 50 प्रतिभागी इस दो दिवसीय यात्रा में भाग लेंगे।
यात्रा 17 फरवरी 2026 को प्रातः 9 बजे पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सतौन से प्रारंभ होगी। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। विद्यार्थी पंजाब विश्वविद्यालय, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तथा पीजीआई चंडीगढ़ का भ्रमण करेंगे और विशेषज्ञों से संवाद के माध्यम से मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। इसके अतिरिक्त सुकना लेक, रॉक गार्डन, रोज गार्डन तथा अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी किया जाएगा। फाउंडेशन के सदस्य नरेंद्र सिंह ठुंडू ने कहा कि भविष्य में भी प्रयास फाउंडेशन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
